सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। ग्राम पंचायत बिंजली के नागरिकों ने जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर महोदया को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्य मार्ग से कृषि विज्ञान केंद्र तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में हो रही अत्यधिक देरी को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत वर्ष 2023 में की गई थी, लेकिन अब तक कार्य अधूरा पड़ा है। सड़क पर केवल गिट्टी डालकर काम अधर में छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो लागत में अप्रत्याशित वृद्धि हो सकती है और साथ ही गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। खराब सड़क के चलते यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूरा कराए जाने के साथ-साथ कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर महोदया ने शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



