सुरेश सोनी की रिपोर्ट: –
नारायणपुर। जिला अस्पताल नारायणपुर में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ध्वजारोहण का कार्य सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनोद भोयर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवदास, डॉ. मनोज, डॉ. धोटे तथा अस्पताल प्रबंधक डॉ. योगेन्द्र सिन्हा की उपस्थिति रही।
ध्वजारोहण के बाद अपने उद्बोधन में सिविल सर्जन डॉ. भोयर ने सभी अस्पताल कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं और सभी को राष्ट्र सेवा एवं मरीजों की देखभाल में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहा अस्पताल के ग्रेड-4 भू-स्तरीय कर्मचारियों का सम्मान, जिसमें स्वच्छक, आया दीदी और सहायक कर्मचारियों को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। उनकी मेहनत और समर्पण को ‘स्वास्थ्य सेवा की रीढ़’ बताते हुए सभी ने तालियों से उनका स्वागत किया।इन कर्मचारियों के अथक प्रयासों से अस्पताल में मरीजों की बुनियादी जरूरतें और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित होती है।
अंत में सभी ने देशभक्ति के गीतों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया और राष्ट्र की उन्नति के लिए संकल्प लिया।



