अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। 14 अगस्त की रात रतनपुर के करैहापारा में हुई एक बड़ी चोरी ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। यह घटना वार्ड क्रमांक 14 निवासी रामअवतार सूर्यवंशी के घर में घटी। परिवार गहरी नींद में सो रहा था, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज़ चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान का विवरण
सोने के जेवर: ढाई तोला वजनी माला, 4 नग (प्रत्येक 1 तोला) टॉप्स, सोने की नथनी, 5 नग फुल्ली।
चांदी के जेवर: 17 तोला पैरपट्टी, 15 तोला अठन्नी, चांदी की बिछिया और साटी।
अन्य सामग्री: शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, एफडी रसीदें, सोने-चांदी की खरीदी की रसीदें।
मोबाइल फोन: मोटो जी 13, रेडमी 9आई, रियलमी सी35।
घटना की पूरी कहानी
चोर घर के अंदर अलमारी और अटैची से जेवर निकाल ले गए। एक अटैची को कमरे में ही खोलकर दस्तावेज़ चुराए और खाली छोड़ दिया। दूसरी पेटी को छत पर ले जाकर तोड़ा, उसमें से जेवर निकाले और फरार हो गए।
सुबह करीब 4:30 बजे, बेटी मीरा सूर्यवंशी की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा मिला और मोबाइल फोन गायब थे। तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की और थाने में शिकायत दर्ज कराने कहा। रामअवतार सूर्यवंशी ने रतनपुर थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
लोगों में दहशत
इस घटना ने क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और दहशत पैदा कर दी है। लोग रात में गश्त बढ़ाने और मोहल्ला सुरक्षा समिति बनाने की चर्चा कर रहे है l



