नारायणपुर। नारायणपुर–कोंडागांव मार्ग की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई, जब एक एम्बुलेंस घंटों तक कीचड़ और गड्ढों में फंसी रही। मरीज को गंभीर स्थिति देखते हुए परिजनों ने उसे दूसरी गाड़ी से अस्पताल पहुँचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोज़ाना दर्जनों माइंस की गाड़ियां गुजरती हैं, जिनसे मालिकों को लाखों रुपए का लाभ होता है। इसके बावजूद सड़क की सुध लेने और संकट की घड़ी में मदद करने की जिम्मेदारी कोई नहीं निभाता।
पार्षद विजय सलाम के अनुसार, एम्बुलेंस को निकालने के लिए कई वाहनों से मदद मांगी गई, लेकिन किसी ने हाथ नहीं बढ़ाया। अंततः एक ट्रक ड्राइवर ने आगे आकर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया और एम्बुलेंस को बाहर निकालने में सहयोग किया।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर आए दिन वाहन फंसते रहते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम रहे हैं।



