
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। हिंदी भाषा की गरिमा को नई ऊँचाइयाँ देने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रेस क्लब रतनपुर आगामी 13 व 14 सितंबर को एक भव्य “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन करने जा रहा है। इस आयोजन की घोषणा आज रतनपुर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस क्लब की बैठक में की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रेस क्लब रतनपुर के अध्यक्ष रवि ठाकुर ने की। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि समारोह का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच देना, उनकी पहचान कराना और उनका मनोबल बढ़ाना है।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, साहित्य, सामाजिक सेवा, नवाचार और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं, युवाओं और नागरिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
अध्यक्ष रवि ठाकुर ने कहा –
“ग्रामीण प्रतिभाओं को अक्सर उचित मंच नहीं मिल पाता। प्रेस क्लब रतनपुर का प्रयास है कि ऐसे होनहारों को पहचान दिलाई जाए और उन्हें समाज के सामने लाया जाए, ताकि वे आगे और बेहतर कर सकें। यह सम्मान समारोह उनके लिए प्रोत्साहन की नई उड़ान होगा।”
आयोजन की तैयारी को लेकर विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं ताकि समारोह को यादगार और सफल बनाया जा सके।
कार्यक्रम में रतनपुर और आसपास के क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, पत्रकार, शिक्षक, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे।
हिंदी दिवस पर आयोजित यह प्रतिभा सम्मान समारोह न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मान देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा और उत्साह का स्रोत भी बनेगा।



