नवीन राजपूत की रिपोर्ट :-
दुर्ग। शहर में फैली गंदगी और ब्लैक स्पॉट की समस्या अब जल्द ही खत्म होने जा रही है। नगर पालिक निगम दुर्ग ने ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी निवारण के लिए नई पहल की है। अब नागरिक अपने मोबाइल से सिर्फ एक व्हाट्सएप मैसेज भेजकर अपने आसपास के गंदे स्थानों की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए राज्य स्तरीय एकीकृत नंबर +91-851-900-9090 जारी किया गया है।
एक मैसेज में होगी सफाई
शहरवासी गंदगी या कचरा फैलने की शिकायत इस नंबर पर फोटो और स्थान के साथ भेज सकते हैं। शिकायत मिलते ही नगर निगम का सफाई दल तुरंत मौके पर पहुंचेगा और कार्रवाई करेगा। कार्य पूर्ण होने पर शिकायतकर्ता को जानकारी भी दी जाएगी।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बताया कि यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में शुरू की गई है ताकि ब्लैक स्पॉट की समस्या का त्वरित समाधान हो और नागरिक स्वच्छता में प्रत्यक्ष भागीदारी निभा सकें।
महापौर ने किया नागरिकों से आह्वान
महापौर अलका बाघमार ने कहा, “दुर्ग नगर निगम स्वच्छता के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। एक छोटी-सी सूचना भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती है।”
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के तहत पहल
यह योजना 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ का हिस्सा है। इस अवधि में नगर निगम द्वारा वार्ड-वार ब्लैक स्पॉट की पहचान, सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। निगम का लक्ष्य है कि दुर्ग को जल्द ही ब्लैक स्पॉट मुक्त शहर घोषित किया जाए।
शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:
- अपने मोबाइल में नंबर +91-851-900-9090 सेव करें।
- गंदगी वाले स्थान की स्पष्ट फोटो खींचें।
- फोटो के साथ संक्षिप्त विवरण या स्थान का नाम भेजें।
- निगम दल तुरंत सफाई करेगा और रिपोर्ट भेजी जाएगी।
महापौर अलका बाघमार, आयुक्त सुमित अग्रवाल और स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल ने कहा कि यह पहल केवल सफाई नहीं, बल्कि जनजागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। निगम प्रशासन का उद्देश्य दुर्ग शहर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरे शहरों में शामिल करना है।



