सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला नारायणपुर द्वारा जिला कलेक्टर एवं दंडाधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के नोडल अधिकारी नरेंद्र मेश्र्राम के नेतृत्व में सीपीआर प्रशिक्षण सत्र का आयोजन आत्मानंद कॉलेज एवं रामेठिन गर्ल्स कॉलेज, नारायणपुर में किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के पहले दिन अतिथि वक्ताओं एवं प्रमाणित फर्स्ट एड ले लेक्चरर्स के रूप में जिला अस्पताल नारायणपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमांशु सिन्हा तथा सीएचसी छोटेडोंगर के डॉ. समरथ पारख ने सत्र का संचालन किया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नारायणपुर तथा सिविल सर्जन, जिला अस्पताल नारायणपुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सत्र के दौरान वक्ताओं ने सीपीआर के महत्व और उसके दैनिक जीवन में उपयोग पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने बताया कि कार्डियक अरेस्ट जैसी आपातकालीन स्थिति में सीपीआर का सही एवं समय पर प्रयोग किसी व्यक्ति की जान बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रशिक्षण के दौरान छात्रों ने डमी मॉडल पर सीपीआर की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के उपयोगी कौशल सीखे। दोनों कॉलेजों के छात्रों ने पूरे उत्साह से भाग लिया और प्रशिक्षण सत्र को अत्यंत लाभदायक बताया।
कॉलेजों के शिक्षकों, फैकल्टी सदस्यों एवं प्राचार्यों ने इस शैक्षणिक पहल की सराहना की तथा रेडक्रॉस सोसायटी और आयोजनकर्ताओं को इस उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए एक शिक्षाप्रद अनुभव साबित हुआ बल्कि समाज में प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन जीवन रक्षक कौशल के महत्व को भी उजागर करता है।



