सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। ओरछा रोड पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम हलामी मुंजमेटा निवासी युवक नारायणपुर से अपने घर लौट रहा था, तभी गढ़बेंगाल के पास एक ट्रक का टायर अचानक फट गया।
टायर फटने के झटके से सड़क पर पड़े छोटे पत्थर तेज रफ्तार में उछले और उनमें से एक पत्थर सीधे युवक के गाल में जाकर आर-पार हो गया। घटना के तुरंत बाद उसके साथी ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक के चेहरे में टांके लगाए। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ओरछा रोड की खराब हालत और बिखरे छोटे पत्थर आए दिन हादसों की वजह बन रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह गिट्टी और पत्थर फैले होने से वाहन चालकों के लिए रास्ता बेहद खतरनाक बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



