गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस ने तीन नाबालिक बच्चियों को सकुशल ढूंढकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।

मामले थाना कुनकुरी और नारायणपुर क्षेत्र के हैं —
कुनकुरी थाना क्षेत्र में दो नाबालिक सहेलियां घर वालों से नाराज होकर बिना बताए अंबिकापुर चली गई थीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टेक्निकल टीम की मदद से दोनों को अंबिकापुर बस स्टेशन से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि वे नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थीं।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आदित्य साय पैंकरा, रिवेंद्र प्रजापति और महिला आरक्षक निशा पांडे की अहम भूमिका रही।
वहीं नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय बालिका घर से लापता हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टेक्निकल टीम और मुखबिर की मदद से बालिका को थाना बगीचा क्षेत्र के एक ग्राम से उसकी सहेली के घर से बरामद कर लिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह अपनी सहेली का मोबाइल लौटाने बिना बताए चली गई थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राज कुमार कश्यप, आरक्षक अविनाश सोनी, सैनिक ओमप्रकाश यादव और वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस की सक्रियता और टीमवर्क के कारण तीनों नाबालिक बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर परिजनों से मिलाया गया है।
जशपुर पुलिस का यह सराहनीय कदम “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत एक और बड़ी सफलता के रूप में दर्ज हुआ है।



