गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर | जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कुनकुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 10 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम जुगू (40 वर्ष), निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी जुगू सफेद रंग की प्लास्टिक की जरकिन में कच्ची महुआ शराब भरकर बिक्री के लिए गड़ाकाटा क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम रवाना हुई। गड़ाकाटा के पास संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और बिक्री के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, हेमलता बुनकर, अलीका पैंकरा, आरक्षक जितेन्द्र गुप्ता, गणेश यादव और नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्यवाही जारी रहेगी।



