याद राम साहू की रिपोर्ट :-
सिकोसा। बालोद जिले के सिकोसा देशी शराब दुकान के आहता लगातार सवालों के घेरे में आता जा रहा है। पहले गंदगी और फिर किराए के दुकान में संचालित किए जाने के बावजूद किरायानामा और नौकरनामा के नाम पर कठघरे में रहा है। यही नहीं गंदगी और दो-तीन दिन पुराने खाने के सामानों को बेचने के मामले में सुर्खियों में रहा है बावजूद इसके विभागीय जिम्मेदार अब तक अहाता संचालक पर मेहरबानी बनाए हुए हैं। अब फिर अहाता संचालक का नया मामला सामने आया है जिसमें बिजली बिल भुगतान नहीं किए जाने के कारण लाइन काट दी गई लेकिन आबकारी विभाग की सांठ गांठ से बाकायदा अहाता संचालक को बिजली मिल रही है।

दो माह का 12 हजार पैसा बाकी
विद्युत विभाग सिकोसा के कनिष्ठ अभियंता चंद्रकुमार बघेल ने बताया कि सिकोसा देशी शराब दुकान पर मीटर देवसिंह के नाम से जारी किया गया था। लेकिन दो माह से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया। जिसका बिल 12 हजार रुपए अहाता संचालक ने अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। जिसके चलते 15 दिन पूर्व अहाता का लाइन काट दिया गया है। शराब दुकान से अवैध तरीके से बिजली लिए जाने के मामले में जल्द ही कार्यवाही किए जाने की बात कनिष्ठ अभियंता ने कही है।
विभागीय जिम्मेदारों की मिलीभगत
सिकोसा देशी शराब दुकान के संचालक नोकेश साहू और गुण्डरदेही आबकारी विभाग के उप निरीक्षक जागेश्वर सिंह से पूरे मामले को लेकर चर्चा की गई तो दोनों एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ते नजर आए और जब नवभारत की टीम मौके पर पहुंची तो महज 15 मिनट के भीतर लाइन काट दी गई। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर अगर दोनों को जानकारी नहीं थी तो लाइन कैसे काट दी गई और बगैर जानकारी के आहता संचालक ने आखिर कैसे चोरी कर लाइन ले ली यह जांच का विषय होगा।



