गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर ; जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन ‘शंखनाद’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करों की नई चालाकी का भंडाफोड़ किया है। तस्कर टमाटर की सब्जी की आड़ में गौवंशों की तस्करी कर रहे थे। पुलिस की सूचना-आधारित कार्रवाई में फरसाबहार थाना क्षेत्र के ग्राम पमशाला में एक पिकअप वाहन से 13 गौवंशों को बरामद किया गया। इनमें से एक गौवंश की पहले ही मौत हो चुकी थी।
कैसे पकड़ी गई तस्करी?
25 नवंबर की रात करीब 3 बजे फरसाबहार पुलिस को सूचना मिली कि सफेद रंग की पिकअप (नंबर JH-01DQ-5773) में गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया है और ऊपर टमाटर की कैरेट रखकर उसे सब्जी वाहन जैसा दिखाया गया है।
वाहन तुमला से झारखंड की ओर जा रहा था।
सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी की और वाहन का पीछा करना शुरू किया। पुलिस को पीछा करता देख चालक पिकअप को तेज गति से भगाने लगा और ग्राम पमशाला चौक के पास वाहन अनियंत्रित होकर खेत में उतर गया। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया।
वाहन की तलाशी में मिला दर्दनाक मंजर
मौके पर पहुंची पुलिस ने टमाटर से भरी कैरेट हटाई तो उसके नीचे एक शेड के भीतर 13 गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे मिले।
एक गौवंश की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृत गौवंश का पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम करवाकर विधिवत अंतिम संस्कार कराया। शेष 12 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर स्वास्थ्य जांच कराई गई।
तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को पुलिस ने जप्त कर लिया है। वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
फरार तस्करों के खिलाफ थाने में बीएनएस की धारा 281 एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक सुरजन राम पोर्ते
- सहायक उपनिरीक्षक भीमसेंट टोप्पो
- आरक्षक नीरज तिर्की
- आरक्षक ईश्वर साय
- इन सभी ने गौवंशों को बचाने और वाहन पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसएसपी का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पशु तस्कर अब नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जशपुर पुलिस का सक्रिय मुखबिर तंत्र मजबूत है।
उन्होंने कहा—
“गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे।”
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है और जिले में गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।



