गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। जशपुर पुलिस ने पत्थलगांव क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी मंटू कुमार नट (31 वर्ष), निवासी दीवानपुर नटपारा, थाना पत्थलगांव है, जिसने लुड़ेग के साप्ताहिक बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2025 को प्रार्थी सिलबियुस केरकेट्टा लुड़ेग बाजार में अपनी Honda Shine बाइक (CG 13 BD 0787) खड़ी कर खरीदारी करने गया था। लगभग आधे घंटे बाद लौटने पर वह बाइक मौके से गायब मिली। शिकायत पर थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मंटू नट चोरी की बाइक बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पत्थलगांव क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक के अलावा चोरी के दौरान उपयोग किए जाने वाले लोहे के चाकूनुमा टूल्स भी जब्त किए, जिसकी मदद से वह बिना चाबी के बाइक स्टार्ट करता था।
मामले में कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक हरिराम टंडन, आरक्षक राजेन्द्र रात्रे, पदुम वर्मा और आशीषन टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस की तत्परता से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।



