बीरेंद्र चतुर्वेदी जिला ब्यूरो चीफ:-
सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। दरभा डिवीजन में सक्रिय 10 माओवादी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिन पर कुल 40 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सरेंडर करने वाले माओवादियों ने अपने साथ 1 AK-47, 1 स्टेन गन, 1 BGL लांचर और 2 SLR सहित कई हथियार भी जमा किए। यह आत्मसमर्पण पूना मारगेम नीति के अंतर्गत किया गया, जो नक्सलियों को हिंसा छोड़कर वापस सामान्य जीवन में लौटने का मार्ग प्रदान करती है।

सुकमा पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आत्मसमर्पण की यह प्रक्रिया IG बस्तर, सुकमा के SP, CAPF अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।

सरकार की पूना मारगेम (पुनर्वास से पुनर्जीवन) नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे हिंसा से दूर शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन जी सकें।
सुकमा जिले में यह कार्रवाई नक्सल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।




