सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर :-नारायणपुर जिले में हाल ही में संपन्न पुलिस भर्ती प्रक्रिया में सामने आई गंभीर अनियमितताओं एवं स्थानीय युवाओं के साथ हुई व्यापक धोखाधड़ी के विरोध में नारायणपुर से कोंडागांव तक एक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक पैदल यात्रा आयोजित की जा रही है। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं के रोजगार के अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें उनके ही जिले में न्याय दिलाना है।
नारायणपुर जैसे आदिवासी एवं नक्सल प्रभावित जिले में रोजगार के अवसर पहले से ही सीमित हैं। ऐसे में पुलिस भर्ती स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका, सम्मान और सुरक्षित भविष्य का सबसे बड़ा माध्यम मानी जाती है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस भर्ती प्रक्रिया में जिले के सैकड़ों योग्य युवक-युवतियों को नजरअंदाज कर बाहरी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी गई, जिससे स्थानीय युवाओं में भारी निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
पदयात्रा के दौरान युवा अपने हक, अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। कोंडागांव पहुंचकर पुलिस भर्ती के चेयरमैन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में सभी पुलिस भर्तियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय भर्ती नीति लागू करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल होगी।
यह आंदोलन किसी एक संगठन या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि नारायणपुर जिले के उन सभी युवाओं का है, जिनका सपना नौकरी पाकर अपने परिवार का सहारा बनने का है। स्थानीय युवाओं को उनके ही जिले में रोजगार से वंचित करना सामाजिक अन्याय है और इससे क्षेत्र में असंतोष व बेरोजगारी बढ़ रही है।
आयोजकों ने जिले के समस्त युवाओं, छात्र संगठनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे इस शांतिपूर्ण संघर्ष में शामिल होकर स्थानीय युवाओं के रोजगार अधिकार की इस लड़ाई को मजबूती प्रदान करें और न्याय की इस मांग को शासन तक मजबूती से पहुंचाएं।



