जशपुर |जशपुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बनकर लोगों को झांसे में लेता था और खुद को प्रभावशाली बताकर सरकारी नौकरी लगवाने का दावा करता था। पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी पुन्नी लाल अनंत (27 वर्ष), निवासी ग्राम टाडा दर्रीकापा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर, जशपुर में किराए के मकान में रहकर खुद को सशस्त्र बल का सिपाही बताता था और वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर में घूमता था।
कलेक्ट्रेट परिसर में रची ठगी की साजिश
दिनांक 28 अगस्त 2025 को पीड़िता सीमा बाई (39 वर्ष), निवासी झरगांव, चौकी सोनक्यारी, कलेक्ट्रेट परिसर जशपुर में अपने कार्य से पहुंची थीं। वहीं उनकी मुलाकात वर्दी पहने आरोपी से हुई, जिसने खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बताते हुए मत्स्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने अपनी “ऊपर तक पहुंच” का दावा करते हुए नौकरी के बदले 4 लाख रुपये की मांग की।
पीड़िता ने आरोपी की बातों में आकर 2 लाख रुपये उसे दे दिए। इसके अलावा आरोपी ने पीड़िता की भतीजी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का लालच देकर उसके मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड जैसे दस्तावेज भी ले लिए और तीन लाख रुपये की मांग की।
कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी कोई पुलिसकर्मी नहीं है और उसने फर्जी वर्दी पहनकर ठगी की है। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।
बिलासपुर से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(2), 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी घटना के बाद से फरार था। मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस टीम को पता चला कि आरोपी अपने गृह ग्राम टाडा दर्रीकापा (बिलासपुर) में छिपा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से नौकरी के नाम पर लिए गए शैक्षणिक व पहचान संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
न्यायिक रिमांड पर जेल
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार भगत एवं आरक्षक विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि फर्जी वर्दी पहनकर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन से अपील की कि नौकरी के नाम पर किसी के झांसे में न आएं।



