Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
खैरागढ़। शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने वाले शिक्षक तुलेश्वर कुमार सेन विगत बीस वर्षों से नशा मुक्ति अभियान चला रहे हैं। उन्हें नशा मुक्ति अभियान वाले गुरुजी के नाम से जाना जाता है।
दिनांक 19 सितंबर 2026 को केसीजी जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के सातवें वर्ष के सम्मान समारोह में उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान की प्रदर्शनी लगाई। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के जिला केसीजी नशा मुक्ति अभियान प्रभारी एवं राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षक तुलेश्वर कुमार सेन के मार्गदर्शन में लगी इस प्रदर्शनी का अवलोकन पालकों, बच्चों और शिक्षकों ने किया। सभी ने नशा मुक्त जीवन जीने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि तुलेश्वर कुमार सेन को डाइट खैरागढ़, समाज कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग खैरागढ़ की ओर से भी नशा मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
तुलेश्वर सेन ने बताया कि उन्हें जहां भी आमंत्रित किया जाता है, वे वहां पहुंचकर नि:शुल्क नशा मुक्ति प्रदर्शनी, वीडियो फिल्म ‘व्यसन से बचाएं सृजन में लगाएं’ का प्रदर्शन, उद्बोधन और रैली में सहयोग प्रदान करते हैं। सामाजिक, राजनीतिक मंच, स्काउट गाइड शिविर, एनसीसी, एनएसएस, महिला समूह, ग्राम पंचायत, स्कूल-कॉलेज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में उन्हें आमंत्रित किया जाता है।
विगत बीस वर्षों से वे ग्राम-ग्राम, नगर-नगर और शहर-शहर जाकर अभियान चला रहे हैं। प्रदेश के साथ-साथ प्रदेश के बाहर भी वे ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से मार्गदर्शन देते हैं। उनकी प्रत्येक कविता और आलेख में नशा मुक्ति का संदेश होता है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की कुलपति सम्माननीया श्रीमती लवली शर्मा, नव नियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री उपेन्द्र कुमार देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ सुश्री नीलम राजपूत, नव नियुक्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुईखदान श्री प्रशांत कुमार सर एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुईखदान श्री गिरेन्द्र सुधाकर उपस्थित रहे।




