चांदनी बिहार पुर से लाल बहादुर यादव की रिपोर्ट:-
सूरजपुर। जिले के दूरस्थ अंचल चांदनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिहरपुर (पंडो जनजाति बाहुल्य क्षेत्र) में पिछले 8 दिनों से खराब पड़े नलकूप की मरम्मत कराकर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी गई है। नलकूप खराब होने से ग्रामीणों सहित स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों द्वारा समस्या की जानकारी ग्राम पंचायत सचिव बिहारी गुप्ता को दिए जाने के बाद उन्होंने मामले को तत्काल संज्ञान में लिया और बिना देरी किए नलकूप की मरम्मत के निर्देश दिए। सचिव की पहल पर संबंधित कर्मचारियों द्वारा नलकूप की तत्काल रिपेयरिंग कराई गई, जिसके बाद पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो सकी।
नलकूप के खराब होने से गांव के सैकड़ों ग्रामीणों और स्कूल जाने वाले लड़के-लड़कियों को पानी के लिए दूर जाना पड़ रहा था। ऐसे में समय पर की गई इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पंचायत प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव द्वारा त्वरित निर्णय और संवेदनशीलता दिखाते हुए समस्या का समाधान किया गया, जिससे क्षेत्र में जनसुविधा बहाल हो सकी।



