जशपुर। आगामी क्रिसमस एवं नववर्ष के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जशपुर पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, तेज रफ्तार, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों में कुल 120 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 44 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला है।
कुनकुरी में स्टंटबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई
थाना कुनकुरी क्षेत्र में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ओवरस्पीड में स्टंट करने वाले बाइकर्स को पुलिस ने पकड़ा। चालानी कार्रवाई के साथ-साथ उन्हें उठक-बैठक कराकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। कुनकुरी क्षेत्र में कुल 12 प्रकरणों में कार्रवाई की गई, जिसमें 3 मामलों में लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई, 2 प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए और 1 मामले में शराब पीकर वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। अन्य मामलों में 3,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिलेभर में व्यापक अभियान
इसके अलावा मनोरा, आरा, लोदाम, दुलदुला, आस्ता, सन्ना, सोनक्यारी, बगीचा, नारायणपुर, तपकरा, करडेगा, ऊपर कछार, कांसाबेल, फरसाबहार, पत्थलगांव, बागबहार, कोल्हेनझरिया सहित अन्य क्षेत्रों में भी ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस जशपुर द्वारा भी अलग से प्रकरण दर्ज किए गए।
एसएसपी की नागरिकों से अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि आपका जीवन आपके और आपके परिवार के लिए अमूल्य है। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जशपुर पुलिस लगातार कार्रवाई करती रहेगी।



