जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष को, दूसरे पक्ष से मारपीट करना पड़ा महंगा, 09 आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर | कोतबा जिले के कोतबा क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। पुलिस ने मारपीट, बलवा और जानलेवा हमले के मामले में 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर स्थिति को नियंत्रित किया है।
मामले का संक्षेप में विवरण
प्रार्थी भुवन लाल (52 वर्ष), निवासी ग्राम खजरीडाब ने चौकी कोतबा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2016 में आरोपी भद्देश्वर यादव द्वारा उसके पिता कन्हैयालाल को 20 डिसमिल जमीन बेची गई थी, जिसकी रजिस्ट्री भी हो चुकी है। आरोप है कि भद्देश्वर यादव ने वर्ष 2025 में उसी भूमि से 60 डिसमिल जमीन को कोतबा निवासी कुलदीप शर्मा को पुनः बेच दिया। इसके बाद कुलदीप शर्मा द्वारा प्रार्थी के पिता की 20 डिसमिल जमीन पर भी हक जताया जाने लगा।
दिनांक 23.12.2025 को जमीन पर कब्जे के प्रयास के दौरान मारपीट हुई, जिस पर कुलदीप शर्मा व उसके साथियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इस पुलिस कार्यवाही से नाराज होकर आरोपी भद्देराम यादव व उसके परिजनों ने 27.12.2025 की सुबह करीब 9 बजे लाठी-डंडों से लैस होकर प्रार्थी के घर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और प्रार्थी व उसके परिजनों के साथ मारपीट की। इस दौरान प्रार्थी के पिता कन्हैयालाल पर प्राणघातक हमला किया गया, जिससे वे बेहोश हो गए। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी कोतबा में बीएनएस की धारा 298, 351(2), 333, 115(2), 109(1), 190(1) व 191 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 09 आरोपियों—
-
भद्दे राम यादव (52)
-
खीत्रोमणि यादव (52)
-
तलेश्वर यादव (34)
-
महेश्वर यादव (48)
-
ललित यादव (52)
-
जागेश्वर यादव (45)
-
आगेश्वर यादव (32)
-
रुशि यादव (52)
-
गोपी यादव (26)
-
(सभी निवासी ग्राम खजरीडाब, चौकी कोतबा, जिला जशपुर) को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से मारपीट में प्रयुक्त 06 लाठी-डंडे जप्त किए।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
स्थिति सामान्य, पुलिस सतर्क
गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। वर्तमान में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए है।
पुलिस अधिकारियों की भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, सहायक उप निरीक्षक नारायण साहू, प्रधान आरक्षक संजय लकड़ा, एडमोन तिर्की एवं आरक्षक बूटा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि कोतबा क्षेत्र में जमीन विवाद पर मारपीट व बलवा करने वाले 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।



