Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर/बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रतनपुर थाना पुलिस ने एक महिला शराब कोचिये के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से 32 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.760 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,560 रुपये है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय करते हुए नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी कड़ी में 1 सितंबर 2026 को रतनपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम परसदा (लखराम) क्षेत्र में एक महिला अपने घर में भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और उच्च अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देश के बाद पुलिस टीम का गठन कर कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस टीम ने ग्राम परसदा में संदिग्ध महिला के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान महिला गौरी देवदत्त, पति सुनील कुमार देवदत्त, उम्र 36 वर्ष, निवासी परसदा (लखराम), थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के कब्जे से 32 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई। पुलिस ने कुल 5.760 लीटर शराब, जिसकी कीमत लगभग 2,560 रुपये बताई गई है, जब्त कर ली।
आरोपिया के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपिया को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब सहित किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, प्रधान आरक्षक कौशल खुटे, आरक्षक धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे एवं देवानंद चन्द्राकर का विशेष योगदान रहा।




