जिला संवाददाता गणेश यादव :-
जशपुर : भारत की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू के 30 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित जशपुर एवं झारखंड प्रवास को लेकर जशपुर पुलिस ने सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के मद्देनजर विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 दिसंबर को जशपुर से माँझाटोली तक राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर सभी प्रकार के दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय राष्ट्रपति के काफिले की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
आम नागरिकों की सुविधा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जशपुर पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं—
- रायगढ़ से रांची की ओर जाने वाले वाहन बालाछापर चौक से डायवर्ट होकर आरा, सकरडेगा, कोंडरा, मोकरा, सुरसांग, माँझाटोली होते हुए गुमला–रांची की ओर जाएंगे।
- जशपुर से रांची की ओर जाने वाले वाहन गिरांग चौक से डायवर्ट होकर बालाछापर, आरा, सकरडेगा, कोंडरा, मोकरा, सुरसांग, माँझाटोली के रास्ते गुमला और फिर रांची की ओर रवाना होंगे।
जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 दिसंबर को यात्रा से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।



