गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। जशपुर पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम केराडीह, रैनीडांड में हुई लाखों की चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की साजिश किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि घर की ही भतीजी ने अपने बॉयफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर से करीब 15 लाख रुपये नकद और सोने की ज्वेलरी समेत कुल 51 लाख 82 हजार 300 रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ किया था। चोरी की रकम से आरोपियों ने महंगी कार खरीदी, पार्टियां कीं और मौज-मस्ती में लाखों रुपये उड़ा दिए।
आईफोन के लालच से शुरू हुई चोरी की कहानी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपिया मिनल निकुंज को आईफोन खरीदने का लालच था। इसी लालच में उसने पहले घर से छोटी-छोटी रकम चुराई और फिर अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के उकसावे में आकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। 20 मई 2025 को मिनल ने सूटकेस में रखे पूरे नकद और सोने के जेवरात अपने साथियों की मदद से जशपुर पहुंचा दिए।
इसके बाद सभी आरोपी रायपुर गए, जहां विला बुक कर दो दिनों तक जन्मदिन की पार्टी मनाई गई और करीब 5 लाख रुपये खर्च कर दिए गए। बाद में सोने की बिस्किट बेचने के लिए आरोपी राउरकेला (ओडिशा) भी गए, जहां से मिले पैसों का आपस में बंटवारा किया गया।
पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपिया मिनल निकुंज और उसके बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान को रांची के एक होटल से गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले से जुड़े अन्य आरोपी अभिषेक इंद्रवार, लंकेश्वर बड़ाईक और अलीशा भगत को अलग-अलग तिथियों में गिरफ्तार किया गया।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
एक हरियर कार
86,300 रुपये नकद
100 ग्राम, 50 ग्राम और 20 ग्राम के सोने के बिस्किट
सोने का मंगलसूत्र और कड़ा
1 आईफोन और 4 एंड्रॉयड मोबाइल
बरामद किए हैं। जप्त माल की कुल कीमत लगभग 51 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
अन्य आरोपी अभी फरार
पुलिस ने बताया कि इस मामले से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नारायणपुर क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी का सफल खुलासा पुलिस की टीमवर्क और तकनीकी साक्ष्यों के कारण संभव हो सका है। पुलिस आगे भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।



