गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान थाना दुलदुला क्षेत्र में पुलिस ने तस्करों के चंगुल से 10 नग गौवंशों को मुक्त कराया और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 जनवरी 2026 की रात्रि करीब 1.30 बजे दुलदुला पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर कुनकुरी से दुलदुला होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए दुलदुला–आसनबहार–खूंटी टोली रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी बीच कुनकुरी की ओर से तेज रफ्तार में आती सफेद बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने लगा। पुलिस ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर तस्कर पिकअप को खेत में उतारकर गौवंशों सहित वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि पिकअप में 10 गौवंशों को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, ऊपर से प्लास्टिक का त्रिपाल डाला गया था। सभी गौवंशों को सुरक्षित निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AR-5441 को जब्त कर लिया गया है।
इस मामले में थाना दुलदुला में फरार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है।
गौरतलब है कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत अब तक जशपुर पुलिस ने 145 प्रकरणों में 243 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर 1406 से अधिक गौवंशों को मुक्त कराया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, आरक्षक अलेक्सियुस तिग्गा, प्रमोद कुमार और राम प्रवेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। गौ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



