अमित दुबे की रिपोर्ट :-
मस्तुरी। मस्तुरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की एकजुटता और जमीनी कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान का भव्य उदाहरण रविवार को देखने को मिला। मस्तुरी ब्लॉक के चिल्हाटी स्थित रेस्ट हाउस में कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं आभार–सम्मान समारोह सह प्रीतिभोज का ऐतिहासिक आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मस्तुरी ब्लॉक के जोन, सेक्टर और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूती देने वाले 400 से अधिक कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों को पुष्पगुच्छ, श्रीफल और कांग्रेसी गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विधानसभा चुनाव में संगठन को सशक्त बनाने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करना और उनका मनोबल बढ़ाना रहा।
नेतृत्व की मौजूदगी से सजा मंच
सम्मान समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, मस्तुरी ब्लॉक अध्यक्ष भोलाराम साहू, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कौशल पांडेय, सीपत ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र धीवर, अभय नारायण राय, संतोष दुबे, जिला पंचायत सदस्य सतकली बावरे, जनपद पंचायत सदस्य देवेन्द्र कृष्णन, ज्वाला बंजारे, महामंत्री मनोहर कुर्रे, अमित पांडेय, अजय शर्मा, ब्रम्हदेव सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

“बूथ का कार्यकर्ता सबसे पहले” — दिलीप लहरिया
अपने संबोधन में विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि “आज मस्तुरी विधानसभा में कांग्रेस की एकता स्पष्ट दिखाई दे रही है। देश में चाहे जैसी भी परिस्थितियां हों, मस्तुरी में कांग्रेस मजबूती से लड़ने की क्षमता रखती है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के लिए जोन, सेक्टर और बूथ स्तर के कार्यकर्ता रीढ़ हैं और सम्मान सबसे पहले उन्हें मिलना चाहिए। विधायक ने भरोसा दिलाया कि जिस नियत और संकल्प के साथ उन्होंने मस्तुरी का प्रतिनिधित्व संभाला है, उसी भावना के साथ वे अंतिम कार्यकर्ता तक पहुंचकर सम्मान और सहयोग सुनिश्चित करेंगे।
प्रीतिभोज के साथ आत्मीय समापन
सम्मान समारोह के उपरांत सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को आत्मीय और उत्सवी स्वरूप प्रदान किया। संगठनात्मक एकजुटता, नेतृत्व का भरोसा और कार्यकर्ताओं का उत्साह—तीनों का संगम इस आयोजन को मस्तुरी विधानसभा के राजनीतिक इतिहास का यादगार क्षण बना गया।
यह आयोजन न केवल कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि आने वाले समय में मस्तुरी विधानसभा में कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती का सशक्त संदेश भी देता है।



