गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर | छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है। इसी क्रम में चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 25 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 57 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार यह धान झारखंड से लाकर छत्तीसगढ़ के धान उपार्जन केंद्र में खपाने की तैयारी में था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम रेमने के जंगल मार्ग में घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को धर दबोचा।
जंगल मार्ग में पकड़ा गया पिकअप
दिनांक 18 जनवरी 2026 की शाम करीब 8 बजे, चौकी सोनक्यारी पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-E-3510 जंगल के ग्रामीण रास्ते से होकर गुजर रही है, जिसमें भारी मात्रा में धान लोड है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पिकअप में 59 बोरियों में कुल 25 क्विंटल धान मिला। वाहन चालक ने अपना नाम विकास यादव (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम सोनक्यारी बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह धान झारखंड से खरीदकर ला रहा था और तलासिली क्षेत्र के एक किसान के नाम से टोकन लेकर धान उपार्जन केंद्र में खपाने की योजना थी।

कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला
पुलिस द्वारा धान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन सहित 25 क्विंटल धान जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया।
लगातार जारी है अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना व चौकी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 44 वाहनों से 2,550 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। इससे पूर्व भी फरसाबहार, तुमला, तपकरा एवं पंडरा पाठ क्षेत्रों में 124 क्विंटल धान पकड़ा गया था।
पुलिस अधिकारियों की भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज एवं मशीह तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से धान खपाने वाले बिचौलियों के विरुद्ध जशपुर पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



