अमित दुबे की रिपोर्ट:-
छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह की पावन स्मृति को समर्पित करते हुए कोटा में खेल और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 23 जनवरी से 25 जनवरी तक डीकेपी खेल मैदान, कोटा में तीन दिवसीय अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और तैयारियाँ युद्धस्तर पर चल रही हैं।
इस ऐतिहासिक खेल आयोजन के संरक्षक कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव हैं, जिनके मार्गदर्शन में आयोजन समिति प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटी हुई है। मैदान की समतलीकरण से लेकर भव्य डोम निर्माण, खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाली टीमों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

17 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
आयोजन समिति के सदस्य आदित्य दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित देश के 17 राज्यों की महिला एवं पुरुष कबड्डी टीमें भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए अपने कौशल का प्रदर्शन करने का बड़ा मंच साबित होगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की एक विशेष उपलब्धि यह है कि छत्तीसगढ़ की चार टीमों में से दो टीमें कोटा क्षेत्र की हैं, जिन्होंने पूर्व में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्थानीय खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर खेलते देखने का अवसर खेलप्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच
आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना है। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देकर युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अनुशासन, टीम भावना व आत्मविश्वास की ओर प्रेरित करना इस आयोजन की मूल भावना है।
विधायक अटल श्रीवास्तव का संदेश
क्षेत्रीय विधायक एवं आयोजन के संरक्षक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि
“शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन साहस, बलिदान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उनके नाम पर आयोजित यह कबड्डी महाकुंभ युवाओं को देशभक्ति और खेल भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
कोटा के लिए यह गर्व का विषय है कि इतने बड़े स्तर की अखिल भारतीय प्रतियोगिता की मेजबानी हमें मिल रही है।”
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में खेल मैदान पहुँचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाएं।
तीन दिनों तक चलने वाला यह कबड्डी महाकुंभ न केवल खेल प्रतियोगिता होगा, बल्कि शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को स्मरण करते हुए एकता, ऊर्जा और युवा शक्ति का उत्सव भी साबित होगा।



