खैरागढ़ से संजय सिंह की खबर,
खैरागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेलकड़ीह थाना इलाके के हरदुआ जलाशय में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में शव तैरता देख मामले की गंभीरता को समझते हुए राजनांदगांव पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान जलाशय से कुछ दूरी पर एक केरी बैग बरामद किया गया, जिसमें मृतिका का आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल के उपचार से संबंधित दस्तावेज मिले। इन दस्तावेजों के आधार पर मृतिका की पहचान रूपा साहू (21 वर्ष) पिता देवनाथ साहू, निवासी रामनगर भिलाई मुक्तिधाम, थाना सुपेला, भिलाई के रूप में हुई।
प्रेम संबंध में हत्या का खुलासा
जांच में सामने आया कि आरोपी आनंद वर्मा, पिता राधेलाल वर्मा, निवासी ग्राम हरदुआ का मृतिका से प्रेम संबंध था। आरोपी युवक युवती से संबंध खत्म करना चाहता था, जबकि युवती उस पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी। इसी बात से नाराज़ होकर आरोपी ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर घटना स्थल तक ले गया।
पुलिस के अनुसार, मौके पर आरोपी ने पत्थर से सिर पर वार कर युवती की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छुपाने के उद्देश्य से उसने मृतिका की कमर में दो गमछों से बड़ा पत्थर बांधा और शव को जलाशय के पानी में फेंक दिया।

आरोपी गिरफ्तार, सबूत जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे 27 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
इस पूरे मामले के सफल खुलासे में एसडीओपी खैरागढ़ एवं साइबर सेल की विशेष भूमिका रही। उनकी उत्कृष्ट कार्यवाही से प्रभावित होकर राजनांदगांव पुलिस महानिरीक्षक द्वारा गठित टीम को उचित इनाम देकर पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
यह हत्याकांड एक बार फिर प्रेम संबंधों में असहमति और दबाव के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है, जिससे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



