अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा को यादगार बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा प्रदेशभर में रजत जयंती समारोहों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में आगामी 31 जनवरी को सहायक यंत्री कार्यालय, वितरण केंद्र रतनपुर में एक विशेष रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन ऊर्जा संरक्षण, उपभोक्ता जागरूकता और सम्मान के भाव का सशक्त संदेश देने वाला होगा। समारोह के दौरान विद्युत विभाग द्वारा उन उपभोक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समय पर विद्युत बिल भुगतान, ऊर्जा की बचत, तथा विभागीय नियमों का अनुकरणीय रूप से पालन कर समाज के लिए प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, उपभोक्ता तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर ऊर्जा संरक्षण, सुरक्षित विद्युत उपयोग और उपभोक्ता अधिकारों से संबंधित जानकारी भी साझा की जाएगी।
विद्युत विभाग का यह रजत जयंती समारोह न केवल छत्तीसगढ़ के विकास की 25 वर्षीय उपलब्धियों को रेखांकित करेगा, बल्कि उपभोक्ताओं और विभाग के बीच आपसी विश्वास एवं सहभागिता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



