गणेश भोय ब्यूरो चीफ:-
रायगढ़ | रायगढ़ पुलिस को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना घरघोड़ा क्षेत्र से लापता नाबालिग बालिका को उत्तर प्रदेश के नवाबाद (जिला झांसी) से सुरक्षित बरामद किया गया। मामले में आरोपी गोविंद ओगरे (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
परिजनों ने 29 जनवरी को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बालिका सुबह स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। आशंका के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर अपराध क्रमांक 31/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर त्वरित जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम ने परिजनों, सहेलियों और सहपाठियों से पूछताछ की। जांच के दौरान बालिका के झांसी (उ.प्र.) में होने की जानकारी मिली। एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम नवाबाद रवाना हुई, जहां आरोपी के कब्जे से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि मई 2025 में एक शादी समारोह में आरोपी से पहचान हुई थी और बाद में इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क बढ़ा। आरोपी ने शादी का झांसा देकर 29 जनवरी को स्विफ्ट कार से बालिका को झांसी ले जाकर दुष्कर्म किया। बालिका का बयान महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज कराया गया तथा मेडिकल परीक्षण कराया गया।
प्रकरण में धारा 87 एवं 64(1) बीएनएस के साथ 4 और 6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। आरोपी गोविंद ओगरे, निवासी वार्ड क्रमांक 02, ब्लॉक कॉलोनी घरघोड़ा, जिला रायगढ़, को विधिवत गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की Maruti Suzuki स्विफ्ट कार (क्रमांक CG-13-AY-8596) तथा एक वनप्लस मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और सोशल मीडिया पर अपरिचित संपर्कों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



