अमित दुबे की रिपोर्ट:-
बिलासपुर/रतनपुर :प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत निरीक्षण पर निकले एक इंजीनियर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। वे स्कूटी से बेलगहना क्षेत्र की ओर निर्माणाधीन सड़क का जायजा लेने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वे हाईवे से रतनपुर की ओर मुड़े, सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंजीनियर कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हेलमेट पहने होने के बावजूद उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

राहगीरों ने दिखाई तत्परता
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए तत्काल एक छोटी पिकअप वाहन को रुकवाया और घायल इंजीनियर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक उनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी।

पुलिस जुटी जांच में
मामले की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल कार की पहचान स्विफ्ट डिजायर के रूप में हुई है। वाहन के नंबर और चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लापरवाह ड्राइविंग पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे से शहर की ओर मुड़ने वाले संवेदनशील मोड़ों पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त स्थान पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक बोर्ड और ट्रैफिक निगरानी को और सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश में जुटी है, वहीं घायल इंजीनियर का इलाज सिम्स में जारी है।



