अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। बैरागबन स्थित मंदिर परिसर में मां अन्नपूर्णा, भगवान शिव एवं पीताम्बरा देवी की प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय यज्ञ एवं कथा-प्रवचन महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में हुआ।
कलश यात्रा में नगर की माताओं-बहनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मुख्य पूजारी गिरजा बंद हनुमान मंदिर के महंत ताराचंद दुबे ने कहा कि प्राण-प्रतिष्ठा केवल मूर्ति स्थापना नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का जागरण है। ऐसे आयोजन से समाज में सकारात्मकता, एकता और धर्म के प्रति आस्था सुदृढ़ होती है।

अन्नपूर्णा मंदिर धाम के पुजारी पंडित जगदेव ने कहा कि मां अन्नपूर्णा की कृपा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और अन्न-धन की वृद्धि होती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ एवं कथा-प्रवचन में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की।
पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ, विशेष पूजन एवं संध्या समय कथा-प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।



