अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। नगरपालिका परिषद रतनपुर अंतर्गत संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार वितरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्रों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले पोषण आहार का वितरण कागजों में तो नियमित दर्शाया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार कई आंगनबाड़ी केंद्रों में न तो नियमित रूप से पोषण सामग्री मिल रही है और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। इससे छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं में कुपोषण का खतरा बढ़ता जा रहा है।
आरोप है कि महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है। निरीक्षण और निगरानी की प्रक्रिया भी केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पोषण आहार की वास्तविक स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की जाएगी। उन्होंने मांग की है कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और बच्चों के पोषण अधिकार की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।



