अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर : चपोरा (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत चपोरा के ग्रामीणों ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर गांव के मुख्य मार्ग में अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सांकेतिक चक्का जाम किया। लंबे समय से चली आ रही मांग पर ठोस पहल नहीं होने से नाराज महिला-पुरुषों ने सड़क पर उतरकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग बनने के बाद गांव का मुख्य मार्ग दो हिस्सों में बंट गया है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और किसान रोजाना जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हैं। आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

सरपंच दीपमाला आर्मो
कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को आवेदन देकर अंडरब्रिज निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
जनपद सदस्य प्रतिनिधि हरिशंकर यादव
यदि समय रहते मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तहसीलदार शिल्पा भगत, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, थाना प्रभारी नीलेश पांडेय सहित नेशनल हाईवे के अधिकारी पहुंचे।

तहसीलदार शिल्पा भगत
ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग उच्च स्तर पर पहुंचाई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव अग्रेषित किया जाएगा।
एसडीओपी नूपुर उपाध्याय
शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए ग्रामीणों की मांग को शासन तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अंडरब्रिज निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में उग्र और व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



