अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर।रतनपुर थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ की एक गंभीर घटना सामने आई है। खैरा निवासी एक महिला जनप्रतिनिधि ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि गांव का ही युवक राजा नेताम ने मंदिर जाने के दौरान रास्ते में रोककर उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ की।
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रतनपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ के मामलों में संलिप्त रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल और गांव में भी इस प्रकार की हरकतों की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन परिजनों की समझाइश और आपसी सहमति के चलते मामले दबा दिए गए थे।
थाना प्रभारी निलेश पांडे ने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
घटना के सार्वजनिक होने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



