अमित दुबे की रिपोर्ट:-
बिलासपुर । शहर में सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन के रूप में सेक्टरों का क्रमशः विस्तार किया जा रहा है। अब तक शहर में पाँच सेक्टरों को ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन घोषित किया जा चुका है। यह पहल भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुलिस मुख्यालय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में संचालित की जा रही है।
1 जनवरी 2026 से जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। यातायात नियमों के पालन, अनुशासन और प्रतिबद्धता स्थापित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक विशेष कार्रवाई
आज घोषित किए गए पाँचवें सेक्टर में हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ और मुख्य मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक अनाउंसमेंट के माध्यम से दुकान संचालकों और व्यवसायियों को समझाइश दी गई कि वे मुख्य मार्ग को संकीर्ण न करें और विक्रय सामग्री सड़क पर न फैलाएं।
अभियान के तहत बैनर, पोस्टर, फ्लेक्सी, एलईडी और अन्य अनधिकृत विज्ञापन बोर्डों को जब्त कर नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। साथ ही दुकान संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने तथा ग्राहकों के वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

26 फरवरी को फिर होगी सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 26 फरवरी 2026 को पुनः हेमू कालानी चौक से नया बस स्टैंड तक सघन और कठोर कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने वाले व्यवसायियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिव चरण परिहार, नगर निगम के संबंधित जोन कमिश्नर, टैंगो अभय खलखों, प्रधान आरक्षक धनसिंह, कुशल कौशिक एवं अन्य पुलिस एवं नगर निगम स्टाफ की उल्लेखनीय भूमिका रही।यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और व्यवसायियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शहर को ट्रैफिक वायलेशन फ्री बनाने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।



