अमित दुबे की रिपोर्ट ;-
रतनपुर। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रतनपुर पुलिस ने नगर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पर्व से पूर्व ही पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत किया और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी।
फ्लैग मार्च के दौरान नगर के प्रमुख बाजार, चौक-चौराहों एवं चिन्हित संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियों या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विशेष रूप से रात के समय पुलिस द्वारा सायरन के साथ लगातार गश्त की गई। हर गली-मोहल्ले में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति देखी गई। चार पहिया वाहनों के माध्यम से भी लगातार पेट्रोलिंग की गई, जिससे अपराधियों में दहशत का माहौल बना रहा और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई।
पुलिस प्रशासन ने युवाओं से विशेष अपील की है कि वे नशे से दूर रहकर मर्यादित और संयमित तरीके से त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने कहा कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नगरवासियों ने भी पुलिस की इस सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इस बार होली का पर्व पूर्णतः शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा।



