अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्द्रपूर्ण एवं कानून व्यवस्था के दायरे में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका कार्यालय में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने की। इस अवसर पर तहसीलदार शिल्पा भगत, एएसआई डी. के. तिवारी तथा सहायक उप निरीक्षक गर्ग सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
अवैध शराब और नशे के खिलाफ विशेष अभियान की मांग
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को विस्तार से रखा। विशेष रूप से अवैध शराब बिक्री, नशे के कारोबार और होली के दौरान सक्रिय रहने वाले उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि त्योहार के समय कुछ असामाजिक तत्व नशे की आड़ में माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं, जिन्हें पहले से चिन्हित कर सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए।

भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप, डॉ. सुनील जायसवाल, ज्वाला कौशिक, कृष्ण कुमार दुबे, सुरेश सोनी, संतोष तिवारी, लक्ष्मी कच्चा, बिनु निराला, इंदु यादव, शिवानी सोनी, उषा चौहान, राजकुमारी विषय, खैरुन निशा, रेहना सहित नगर पालिका के सभी पार्षद एवं गणमान्य नागरिकों ने एक स्वर में अवैध नशे के कारोबारियों पर विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।
24 घंटे पेट्रोलिंग, पांच टीमें रहेंगी तैनात
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एएसआई डी. के. तिवारी ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान पूरे क्षेत्र में 24 घंटे पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी। पांच विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, जो संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी उपद्रव, विवाद या किसी प्रकार की आशंका हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
“निष्पक्ष कार्रवाई हो तो शांति बैठक की जरूरत नहीं” — पालिका अध्यक्ष
बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि पुलिस निष्पक्ष, प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई करे तो बार-बार शांति समिति की बैठक आयोजित करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।

उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि कुछ मामलों में पुलिसिया व्यवहार के कारण “पुलिस जनता मित्र” जैसे शब्दों का महत्व कम होता जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपेक्षा जताई कि जनता के साथ समन्वय और विश्वास कायम रखते हुए सख्त एवं पारदर्शी कार्रवाई की जाए।
सौहार्द्रपूर्ण होली मनाने की अपील
बैठक के अंत में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ होली पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और नागरिकों ने मिलकर जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।



