अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। छात्र संगठन एनएसयूआई रतनपुर द्वारा अपनी पढ़ाई पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह एवं होली स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन रतनपुर स्थित माँ महामाया शूट भवन में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही और पूरे आयोजन में होली के रंगों के साथ आपसी स्नेह और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अभ्यागत के रूप में बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी तथा समारोह की अध्यक्षता पूर्व जनपद अध्यक्ष कोटा संदीप शुक्ला ने की। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में एनएसयूआई प्रदेश सचिव राजा रावत, युवा कांग्रेस महासचिव रवि रावत, आशीष अग्रवाल और आदित्य सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत एनएसयूआई रतनपुर के प्रमुख छात्र नेतृत्वकर्ता मानस ताम्रकार, आदित्य साहू, माही राजपूत, संस्कार राजपूत और पायल साहू द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और संघर्ष के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे संदीप शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास और संघर्ष आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने लक्ष्य को निर्धारित कर पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें और तब तक प्रयास करते रहें जब तक सफलता हासिल न हो जाए।
मुख्य अतिथि विजय केशरवानी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी अपने जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। उन्होंने बताया कि जब बिलासपुर बड़ा जिला हुआ करता था तब वे एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष बने। इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और कांग्रेस संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने यह भी बताया कि पढ़ाई के दौरान उन्हें दो-दो गोल्ड मेडल प्राप्त हुए और आज भी वे निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक लगातार प्रयास करते रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अभ्यागत पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की कहानी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पढ़ाई भिलाई में पूरी की और इंजीनियर बने। शुरुआती दौर में उनकी एक दिन की कमाई मात्र 80 रुपये हुआ करती थी, लेकिन उन्होंने कभी संघर्ष करना नहीं छोड़ा। बाद में उन्होंने तीन लाख रुपये तक की नौकरी की और उसके बाद बिलासपुर की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने अतिथियों के प्रेरणादायक संबोधनों का करतल ध्वनि से स्वागत किया और अपने भविष्य के सपनों को साकार करने की प्रेरणा ली।

इस अवसर पर छात्रों के उत्साहवर्धन के लिए विजय केशरवानी द्वारा गायन भी प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित युवाओं ने काफी पसंद किया।
विदाई समारोह और होली स्नेह मिलन कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में आदित्य साहू ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छात्र नेता मानस ताम्रकार, माही राजपूत, संस्कार राजपूत, पायल साहू, जयंती, दामिनी यादव, वंश ताम्रकार सहित एनएसयूआई की पूरी टीम और सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



