अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। होली पर्व के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ सरयू पारीण ब्राह्मण सभा द्वारा रतनपुर के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सभा के अध्यक्ष दिव्यकांत शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला तथा उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इसके बाद आचार्य अश्वनी दुबे ने सभी उपस्थित जनों को गुलाल लगाकर और पारंपरिक टोपी पहनाकर होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंदिर परिसर में उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक क्रम में सभा के प्रचार सचिव एवं वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश पांडेय ने होली पर आधारित जोगीरा प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर उपस्थित लोग झूम उठे और तालियों की गूंज से वातावरण गुंजायमान हो गया। इसके पश्चात सभा के संरक्षक शेष देव मिश्रा, बलराम पांडे तथा अध्यक्ष दिव्यकांत शर्मा ने अपनी कविताओं के माध्यम से होली के रंग, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर चित्रण किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
आचार्य अश्वनी दुबे ने अपने संबोधन में होली पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। वहीं सभा के सचिव संतोष शर्मा ने समाज द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों तथा आने वाली योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज को और अधिक संगठित करने पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान ओमप्रकाश दुबे, भूपचंद शुक्ला, रविंद्र दुबे, शिवा पांडे, अमित दुबे, आर.पी. दुबे, ललित शास्त्री और राजेंद्र मिश्रा सहित कई सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
होली मिलन समारोह में महिला प्रभाग की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत होली गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की खुशियां साझा कीं। महिला प्रभाग की अध्यक्ष लक्ष्मी पांडे ने सभी उपस्थितजनों को होली की शुभकामनाएं देते हुए समाज में एकता और प्रेम बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बबलू शर्मा, राजकिशोर तिवारी, राजेश शर्मा, हरिशंकर पाठक, दुर्गाशंकर दुबे, प्रीति शर्मा, नीलू पांडे, जयंती मिश्रा, चंद्रकांता शर्मा, रश्मि शर्मा, रेनू तिवारी, स्वीटी शर्मा, रंभा दुबे, श्वेता, सजनी पांडे, प्रतिभा दुबे, वंदना दुबे, राजेश्वरी दुबे, कल्याणी तिवारी सहित सभा के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन संतोष तिवारी द्वारा किया गया। समारोह के अंत में सभी ने मिलकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और समाज में सद्भाव व एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।



