
भाजपा महिला मोर्चा के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य महिला सम्मेलन, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान
नारायणपुर – अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला नारायणपुर द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में भव्य महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश सह प्रभारी (स्व सहायता समूह) माधुरी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है। आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। मातृशक्ति के सशक्त होने से ही समाज और राष्ट्र की प्रगति सुनिश्चित होती है। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने और समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, अध्यक्ष जनपद पंचायत पिंकी उसेंडी, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संगीता जैन सहित अन्य अतिथियों ने भी मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, स्व सहायता समूह, पुनर्वास कार्यों तथा विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए अपने परिवार और समाज को नई दिशा देने वाली महिला बहनों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने इन महिलाओं के साहस, परिश्रम और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं के बीच कुर्सी दौड़, नृत्य प्रतियोगिता सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजेता रही महिलाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री भाजपा महिला मोर्चा प्रेमबती कचलाम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बबीता ठाकुर, रंजना ठाकुर, शांति नेताम, नेहा कश्यप, कृति पोटाई, हीना नाग, खुशबू जैन, दीपाली नाग, देवकी ठाकुर, वर्षा पांडेय, राधिका वड्डे, प्रीति शर्मा, मीनाक्षी बघेल, रैनी मरकाम, रामबत्ती देवांगन, प्रभा महंत, जयबत्ती कचलाम, फातिमा बेगम, संतोषी कुमेटी, मनमती नाग सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।



