
क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 लीटर कच्ची महुआ शराब, 80 पाव देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में नवपदस्थ थाना प्रभारी प्रशिक्षु भापुसे अंशिका जैन के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस की टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
दो स्थानों पर पुलिस की दबिश
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली कार्रवाई ग्राम बेलतरा के बजरंग चौक में की गई, जहां पुलिस ने धर्मेन्द्र कश्यप (40 वर्ष) के घर के बाड़ी में छापा मारकर 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 1400 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से 200 रुपये की बिक्री रकम भी बरामद की।
मोटरसाइकिल से शराब परिवहन करते आरोपी पकड़ा
वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम लखराम में की गई। यहां पुलिस ने अनिल केंवट (28 वर्ष) को मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन करते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 80 पाव देशी प्लेन शराब और एक हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 31,400 रुपये आंकी गई है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
इसी अभियान के दौरान थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 5 लोगों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई, जबकि 15 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए जाने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस का अभियान रहेगा जारी
रतनपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन, निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक मनीष जायसवाल, संजय यादव, धनराज कुम्भकार, देवानंद चन्द्राकर और पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।




