
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्य की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर 17 मार्च को प्रस्तावित विधानसभा घेराव की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में शनिवार 14 मार्च 2026 को मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के सहारा परिसर स्थित ब्लॉक कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की।
बैठक में मस्तूरी विधानसभा प्रभारी देवेंद्र सिंह बाटू, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया तथा जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री की उपस्थिति में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों और वार्डों में संपर्क अभियान चलाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
नेताओं ने कहा कि राज्य में किसानों, युवाओं, बेरोजगारी, महंगाई और अन्य जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। 17 मार्च को रायपुर में होने वाला विधानसभा घेराव इन्हीं मुद्दों को लेकर किया जा रहा है, ताकि सरकार का ध्यान आम जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा सके।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक रायपुर पहुंचेंगे।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता एवं स्थानीय कांग्रेसजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




