अमित दूबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
रतनपुर से लगभग 7 किलोमीटर दूर ग्राम पोड़ी स्थित मां मंगला गौरी धाम गोवर्धन मठ आश्रम में चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहां हजारों दीपकों की रोशनी से पूरा धाम जगमगा उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
माना जाता है कि छत्तीसगढ़ का यह एकमात्र मां मंगला गौरी मंदिर है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हो रहे हैं।
नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिसे “आस्था के दीप” का नाम दिया गया है। दीपों की रोशनी से सजा पूरा धाम श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बन गया है। शाम के समय जब दीप जलाए जाते हैं, तो दृश्य अत्यंत मनमोहक और अलौकिक प्रतीत होता है।
गोवर्धन मठ आश्रम के प्रमुख देवज्ञ पंडित रमेश शर्मा अन्ना महाराज ने बताया कि मां मंगला गौरी की विशेष कृपा इस क्षेत्र पर सदैव बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में सच्चे मन से की गई पूजा और दीपदान से माता सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माता के दर्शन एवं पूजन करने का आह्वान किया।
मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मां मंगला गौरी धाम आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां हर दिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।




