अमित दुबे की रिपोर्ट
मस्तुरी: जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत पंचायत, बूथ एवं मुहल्ला कमेटियों के गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। चिल्हाटी मंडल की बैठक मानिक स्थित साहू समाज सामुदायिक भवन में तथा सुकुलकारी-पचपेड़ी मंडल की बैठक पचपेड़ी रेस्ट हाउस में संपन्न हुई। इन बैठकों में क्षेत्रीय विधायक दिलीप लहरिया, संगठन सृजन प्रभारी गौरव दुबे तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोलाराम साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही दोनों मंडलों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के निर्देशानुसार संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में कांग्रेस कमेटी का गठन अनिवार्य है। इसके तहत हर बूथ पर एक अध्यक्ष एवं 12 सदस्यीय टीम का गठन किया जाएगा। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से शीघ्र बैठक कर कमेटियों के गठन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि संगठन का विस्तार तेजी से हो सके।
संगठन सृजन प्रभारी गौरव दुबे ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी ग्राम पंचायतों के हर बूथ पर 12 सदस्यीय कमेटियां बनाई जाएंगी। इन समितियों में एक अध्यक्ष के साथ महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों को शामिल किया जाएगा, जिससे संगठन में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस मजबूत संगठनात्मक ढांचे के माध्यम से आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूती मिलेगी और जीत सुनिश्चित की जा सकेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोलाराम साहू ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से सक्रियता के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। हमें मिलकर संगठन को इस तरह सुदृढ़ करना है कि हर बूथ पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि मस्तुरी ब्लॉक में कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं और जल्द ही सभी बूथों पर कमेटियों का गठन पूर्ण कर लिया जाएगा।
बैठक में एनएसयूआई से उपेंद्र साहू, चिल्हाटी मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, मंडल प्रभारी सत्येंद्र साहू सहित चिल्हाटी एवं पचपेड़ी मंडल के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों के बूथ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस बैठक के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है।




