अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
सड़क सुरक्षा को लेकर रतनपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बढ़ते सड़क हादसों पर नियंत्रण पाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस द्वारा ट्रिपल सवारी करने वालों, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 10 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही चालान काटते हुए यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
वहीं, दो नाबालिग वाहन चालकों को पकड़कर उनके पालकों को थाने बुलाया गया। पालकों को समझाइश देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोहराई गई तो कानूनी कार्रवाई और भी सख्त की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें।
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी अंशिका जैन ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क हादसों का एक बड़ा कारण है, इसलिए ऐसे मामलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ी है और लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।




