अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रैनपुर के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में फॉरेस्ट विभाग में पदस्थ एक कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदी बाजार निवासी अमरनाथ पटेल, जो फॉरेस्ट विभाग के गुरसिया क्षेत्र में कार्यरत थे, अपने एक साथी के साथ शासकीय कार्य से बिलासपुर गए हुए थे। देर रात काम समाप्त कर दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रैनपुर के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमरनाथ पटेल को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनके साथ मौजूद साथी को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसे राहगीरों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और देर रात की कम दृश्यता को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
इस दुखद घटना से मृतक के परिजनों और विभागीय कर्मचारियों में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।




