अनीष मिश्रा की रिपोर्ट
रायपुर | 14 अप्रैल 2026
रायपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी, जिला रायपुर द्वारा पार्टी कार्यालय में अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। पूरे वातावरण में बाबा साहेब के विचारों और उनके संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरणा स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के अद्वितीय व्यक्तित्व, उनके संघर्षमय जीवन तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के सशक्त प्रतीक हैं। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान हेतु निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने सामाजिक समता, न्याय और भाईचारे के मूल्यों को आगे बढ़ाने तथा बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक जागरूकता और एकता का सशक्त संदेश भी दिया गाय



