बुलंद टाइम्स | अनीष मिश्रा की रिपोर्ट
शक्ति (छत्तीसगढ़) | 14 अप्रैल 2026 (मंगलवार)
छत्तीसगढ़ के शक्ति जिला में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ वेदांता पावर प्लांट में अचानक बॉयलर ब्लास्ट हो गया। इस भीषण विस्फोट में अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना डबरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित प्लांट में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका दहल उठा। कई मजदूर 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस प्रशासन और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या 9 हो चुकी है, जबकि कई मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
प्रशासन द्वारा घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि बॉयलर ब्लास्ट के पीछे क्या कारण रहे। फिलहाल पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
(अपडेट जारी…)



