बुलंद टाइम्स के लिए ब्यूरो चीफ रायपुर अनीश मिश्रा की रिपोर्ट
रायपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय (निजी) स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश (दिनांक 16 अप्रैल 2026) के तहत अब स्कूलों में 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक अवकाश रहेगा। इससे पहले यह अवकाश 1 मई से प्रस्तावित था, लेकिन बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार ने इसमें संशोधन करते हुए छुट्टियां पहले से लागू कर दी हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार यह अवकाश सभी प्रकार के स्कूलों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा।
हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा तथा विभागीय पूर्व आदेश की अन्य शर्तें यथावत प्रभावी रहेंगी।
सरकार के इस निर्णय का अभिभावकों और विद्यार्थियों ने स्वागत किया है, क्योंकि इससे बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।



